जौनपुर: जौनपुर पुलिस की साइबर क्राइम सेल ने तकनीकी कुशलता का परिचय देते हुए एक बड़ी सफलता हासिल की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) कुँवर अनुपम सिंह के दिशा-निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) आयुष श्रीवास्तव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने विभिन्न राज्यों और जनपदों से 240 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद किए गए इन स्मार्टफोन्स की कुल कीमत लगभग 45 लाख रुपये आंकी गई है।
CEIR पोर्टल बना मददगार
पुलिस लाइन में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान इन मोबाइलों को उनके असली मालिकों को सौंपा गया। एएसपी आयुष श्रीवास्तव ने बताया कि साइबर क्राइम थाना और जनपद के विभिन्न थानों की साइबर सेल ने भारत सरकार के ‘CEIR पोर्टल’ की मदद से इन फोनों को ट्रेस किया। पुलिस की इस कार्रवाई से अब तक कुल 1400 मोबाइल बरामद कर लोगों को वापस किए जा चुके हैं।
सात राज्यों तक पहुँचा जौनपुर पुलिस का हाथ
ये मोबाइल न केवल उत्तर प्रदेश के आजमगढ़, वाराणसी, प्रयागराज, लखनऊ, कानपुर, बलिया, प्रतापगढ़ और भदोही जैसे जिलों से मिले, बल्कि पुलिस टीम ने दिल्ली, गुजरात, महाराष्ट्र, झारखंड, बिहार और राजस्थान जैसे दूरदराज के राज्यों से भी इन्हें ट्रैक कर बरामद किया। बरामद हैंडसेट्स में वन प्लस, सैमसंग, वीवो, रेडमी, ओप्पो, रियलमी और पोको जैसे ब्रांड्स के महंगे फोन शामिल हैं।
अपराध से बचाव की अपीलमोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरे खुशी से खिल उठे और उन्होंने पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक ने जनता से अपील की कि यदि मोबाइल खो जाए, तो तत्काल थाने में रिपोर्ट दर्ज कराएं और स्वयं भी CEIR पोर्टल पर शिकायत दर्ज करें। उन्होंने साइबर अपराधों के प्रति सचेत करते हुए संदिग्ध कॉल, लिंक और मैसेज से दूर रहने की भी सलाह दी।